आज से 4 दिन छाएंगे बादल, पारा चढ़ने से मिलेगी राहत

रांची सहित राज्यभर में अगले चार दिन ठंड से राहत मिलेगी। क्योंकि, आसमान में बादल छाने की वजह से न्यूनतम तापमान बढ़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन बादल छाया रहेगा। 12, 13 और 14 जनवरी को भी बादल छाए रहेंगे। इस दौरान न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। अधिकतर जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में झारखंडवासियों को कुछ राहत मिलेगी। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, लगातार दूसरे दिन रांची का न्यूनतम पारा 7 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस घटकर 22.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अभी भी रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम है। इस वजह से रांची शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में ठंड से लोगों को राहत नहीं मिली है। वहीं, मैक्लुस्कीगंज के नवाडीह का तापमान -1 डिग्री सेल्सियस चला गया था, वह अब 1 डिग्री पर पहुंच गया है। कांके का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। अस्पतालों में सर्दी-बुखार के मरीज बढ़े मौसम में लगातार हो रहे उतार चढ़ाव से अब आम जन-जीवन प्रभावित हो रहा है। बच्चे और बुजुर्ग ठंड से बीमार हो रहे हैं। सर्दी-बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। सरकारी और निजी क्लिनिक में बच्चों को लेकर सबसे अधिक परिजन पहुंच रहे हैं। रिम्स, सदर और निजी अस्पतालों में रोजाना 400 से अधिक मरीज मौसमी बीमारी की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। 17 जिलों में दिन का पारा गिरा, 18 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रांची सहित राज्यभर के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। 17 जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन में धूप के बावजूद ठंड का अहसास हो रहा है। 18 जिलों का न्यूनतम तापमान अभी भी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में गुमला का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह राज्य में सबसे ठंडा जिला रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *