राजसमंद के आमेट उप जिला अस्पताल में मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (BCMO) और शिशु डॉक्टर के बीच मरीज को लेकर विवाद हो गया। BCMO ने फोन कर शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ के साथ गाली-गलौज कर दी। इसका ऑडियो भी सामने आया है। शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ ने BCMO पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। मामला सामने आने के बाद BCMO ने इसे व्यक्तिगत मामला बताया और गुस्से में कहे गए शब्दों के लिए अफसोस जताया। डॉक्टर ने थाने में लिखित शिकायत दी
थानाधिकारी ओम सिंह चुंडावत ने बताया- शनिवार रात करीब 8 बजे BCMO डॉ. आशीष गवारिया ने शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ राकेश पंड्या को जाति सूचक गालियां दी। साथ ही SC-ST केस दर्ज कराने और जान से मारने की धमकी दी। इस पर डॉक्टर राकेश पंड्या ने BCMO के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी। मामले में जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मरीज को लेकर हुआ विवाद
डॉक्टर राकेश पंड्या ने बताया- BCMO डॉ. आशीष गवारिया के एक मरीज को दवाई सूट नहीं हुई थी। इस पर वो पेशेंट मेरे पास आया और उसने मुझे वो दवाई दिखाई। मैंने मरीज को दवाई बदलने को कहा। यह बात डॉ. आशीष को पता लगी तो उन्होंने मुझे फोन किया। डॉक्टर पंड्या ने बताया- शनिवार शाम 7 से 8 बजे के बीच BCMO आशीष गवारिया ने मुझे फोन किया और मेरे साथ गाली-गलौज की और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। BCMO ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए मेरे काम में व्यवधान पैदा करने की धमकी दी। रविवार सुबह एक बार फिर हुआ विवाद
डॉ. राकेश पंड्या ने बताया- रविवार सुबह मैं ड्यूटी के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचा तो कुछ देर बाद BCMO डॉ. आशीष गवारिया वहां आए और प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) डॉ. सीपी सूर्या के सामने मेरे साथ बहस करने लगे। अब पढ़िए, BCMO और डॉक्टर के बीच फोन पर हुई बातचीत के अंश…
डॉ. पंड्या- हेलो
डॉ. आशीष- हेलो
डॉ. पंड्या- हां जी
डॉ. आशीष- अरे यार आप भीलवाड़ा वाली थोड़ी कम लगाओ ना यार
डॉ. पंड्या- क्या लगाई
डॉ. आशीष- कुछ नहीं लगाई, आप थोड़ा तमीज से पेश आओ ना
डॉ. पंड्या- क्या हुआ
डॉ. आशीष- कुछ नहीं हुआ
डॉ. पंड्या- बताओ ना क्या हुआ है
डॉ. आशीष- कुछ नहीं हुआ तो थोड़ा तू तमीज से पेश आया कर
डॉ. पंड्या- बताओ तो सही
डॉ. आशीष- अरे एक बात सुन ले तू
डॉ. पंड्या- हां बताओ
डॉ. आशीष- क्या बताऊं तुझे, तू बेवकूफी पंती कर रहा है हर बार
डॉ. पंड्या- क्या बोला मैंने आपको, आपके लिए कुछ तो बताओ
डॉ. आशीष- बोला तूने…(अपशब्द) क्या बोला वह तुझे मैं बता दूंगा 1 मिनट में
डॉ. पंड्या- बताओ ना आप
डॉ. आशीष- अरे तू मर जाएगा….(अपशब्द)…पेशेंट बोल कर गया मुझे
डॉ. पंड्या- क्या बोल कर गया, हां बताओ
डॉ. आशीष- रिकॉर्डिंग कर ले भले तू
डॉ. पंड्या- नहीं नहीं बताओ तो सही क्या बोला मैंने आपके लिए
डॉ. आशीष- देखना आप…(अपशब्द)…आप पेशेंट के साथ ऐसी हरकतें कर रहे हैं, आप ब्राह्मण बुद्धि से खेलना बंद करो जोन डायरेक्टर उदयपुर और राजसमंद भेजी शिकायत
PMO डॉ. सीपी सूर्या ने बताया- शिशु बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश पंड्या द्वारा लिखित में कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, फिर भी जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMHO) और जोन डायरेक्टर उदयपुर और राजसमंद को ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ में एक एप्लिकेशन भेज दी गई है। आगे जो भी विभाग तय करेगा, वो कार्रवाई की जाएगी। डॉ. आशीष बोले- यह हमारा व्यक्तिगत मामला
CMHO डॉ. आशीष गवारिया ने कहा- यह हमारा व्यक्तिगत मामला है। मैंने आवेश में आकर कुछ कह दिया, जिसका मुझे अफसोस है। वहीं डॉक्टर राकेश पंड्या ने कहा- मैं इस बारे में डॉ.आशीष से किसी भी तरह की बात नहीं करना चाहता। आगे क्या करना है वो मैं कुछ सोचकर ही निर्णय ले पाऊंगा।


