जिलाबदर ने ई-रिक्शे से तीन को टक्कर मारी:भीड़ से बचने के लिए 15 फीट ऊंची दीवार से कूदा, घायल हुआ

कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में जिलाबदर अपराधी राजा रब्बानी ने रविवार रात नशे की हालत में ई-रिक्शे से तीन लोगों को टक्कर मार दी। घटना में एक होटलकर्मी, एक महिला और एक सेल्समैन घायल हो गए। होटलकर्मी करीमुद्दीन (45) की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना रात करीब 10 बजे जाजमऊ में हुई। टक्कर मारने के बाद राजा रब्बानी मौके से भागने लगा। भीड़ ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो वह हिंदुस्तान कंपाउंड स्थित नासिर अस्पताल पहुंचा और वहां से 15 फीट ऊंची दीवार से छलांग लगा दी। कूदने के कारण राजा खुद भी चोटिल होकर जमीन पर गिर गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल राजा रब्बानी और अन्य पीड़ितों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। राजा रब्बानी, जो बुधियाघाट, जाजमऊ का निवासी है, को पांच महीने पहले पुलिस ने जिलाबदर किया था। इसके बावजूद वह पुलिस को चकमा देकर उन्नाव से जाजमऊ आकर चोरी-छिपे गांजा तस्करी कर रहा था। राजा रब्बानी के खिलाफ जाजमऊ थाने में एनडीपीएस और हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में 11 मुकदमे दर्ज हैं। मार्च 2025 में पुलिस सत्यापन के दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों पर हमला भी किया था। जाजमऊ पुलिस ने 29 जुलाई 2025 को डुगडुगी पिटवाकर राजा और उसके भाई गब्बर को जिलाबदर किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *