कोरबा | करतला थाना अंतर्गत बांधाखार गांव में प्रेम विवाह करने वाली एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मालती सिदार ने छह माह पूर्व जयकिशन सिदार से विवाह किया था। शुक्रवार को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मायके पक्ष ने पति जयकिशन पर प्रताड़ना और जबरन जहर पिलाने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, 18 दिसंबर को मालती ने फोन पर अपनी आपबीती सुनाई थी। नवविवाहिता का मामला होने के कारण कार्यपालिका दंडाधिकारी ने वैधानिक कार्यवाही पूरी की। जयकिशन ने आरोपों को नकारते हुए बताया कि परिवार से अलग रहने के कारण मालती तनाव में थी और उसने स्वयं कीटनाशक पी लिया था। उसे बचाने के लिए ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


