शहर के राणा प्रताप नगर स्टेशन के पुनर्विकास प्लान का विस्तार होगा। अभी चल रहे कामों के बीच अब अतिरिक्त बजट के साथ सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। अभी स्टेशन पर ठोकर चौराहे की तरफ एक पुरानी एंट्री बिल्डिंग है। इसी में टिकट बुकिंग, रिजर्वेशन, वेटिंग हॉल आदि हैं। तीन रेल लाइन व 2 प्लेटफॉर्म हैं। नए प्लान के तहत अब यह स्टेशन दोनों तरफ से पूरी तरह बदल जाएगा। अब यहां 2 की जगह 5 प्लेटफॉर्म और 6 रेल लाइन होंगी। ठोकर चौराहे की तरफ नई एंट्री बिल्डिंग बनेगी। अभी स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत राणा प्रताप नगर स्टेशन पर करीब 20 करोड़ की लागत से अगस्त 2022 से पुनर्विकास का काम चल रहा है। इसके तहत कानपुर-मादड़ी एरिया की तरफ तीन मंजिला एंट्री बिल्डिंग व पार्किंग बनी है। फुट ओवर ब्रिज को नई बिल्डिंग से जोड़ा जा रहा है, जबकि एक नई रेललाइन भी डाली जा रही है। मार्च तक सैकंड एंट्री बिल्डिंग का काम पूरा होते ही नए विकास कार्यों का शुभारंभ होने की संभावना है। इसके तहत करीब 50 करोड़ खर्च किए जाएंगे। ठोकर चौराहे की तरफ नई एंट्री बिल्डिंग बनेगी, मार्च से शुरू होगा काम दिसंबर में हुआ सर्वे, हाल ही मिली है मंजूरी उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने नवंबर अंत में उदयपुर का दौरा किया था। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए उन्होंने स्टेशन को विकसित करने का फैसला किया। इसके बाद दिसंबर में सर्वे टीम ने दौरा किया और प्रपोजल बनाया। इसे हाल ही मंजूरी मिली है। सैकंड एंट्री बिल्डिंग शुरू होने के बाद नया काम शुरू होगा, ताकि यात्री प्रभावित नहीं हों। यह बिल्डिंग लगभग तैयार हो चुकी है, महज फिनिशिंग का काम जारी है। इसी की तरफ बन रहे प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज व नई लाइन का काम भी अंतिम चरण में है। रोज 7 हजार यात्री, सिटी स्टेशन का भार घटेगाराणा प्रताप नगर स्टेशन पर रोज 5-7 हजार लोगों का फुटफॉल रहता है। सुविधाओं के विस्तार से यात्रियों को राहत मिलेगी। प्लेटफॉर्म और रेल लाइन बढ़ने से नई ट्रेनें भी शुरू की जा सकेंगी। सिटी स्टेशन पर भार कम होगा। यह दिल्ली-जयपुर जाने वाली ट्रेनों का टर्मिनेटिंग स्टेशन की तरह बन जाएगा। सिटी स्टेशन अहमदाबाद-मुंबई, दक्षिण भारत की तरफ जाने वाली ट्रेनों के टर्मिनेटिंग स्टेशन बन सकेगा। वित्तीय वर्ष 2023-24 के मुताबिक राणा प्रताप नगर स्टेशन पर प्रतिदिन 2 हजार से ज्यादा टिकटों की बिक्री हुई थी।


