राजस्थान में आज 16 जिलों में घना कोहरा छाने और 6 जिलों में शीतलहर का अलर्ट है। मौसम विभाग ने 15 जनवरी से एक और नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने की संभावना जताई है। जिसके प्रभाव से उदयपुर, कोटा के अलावा जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे का मौसम देखे तो जयपुर, बीकानेर, अजमेर, जोधपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाने के साथ कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। जोधपुर, नागौर, फलौदी के आसपास कई जगह ओले गिरे। मौसम के इस बदलाव से शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सबसे ठंडा दिन शनिवार को हनुमानगढ़, गंगानगर में रहा, जहां दिन का अधिकतम तापमान 10.4 और 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन शहरों में शनिवार को पूरे दिन घने बादल छाए और सरफेस पर घना कोहरा रहा। सीकर में भी इसी तरह का मौसम रहा, जिसके कारण यहां अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर में शनिवार को दिन और रात के तापमान में महज 2 डिग्री सेल्सियस का ही उतार-चढ़ाव रहा। दिनभर बूंदाबांदी, रात में घना कोहरा
राजधानी जयपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और शाम तक अलग-अलग एरिया में बूंदाबांदी होती रही। शाम होने के साथ ही कोहरा छाने लगा और रात में ये और बढ़ गया। कोहरे के साथ ही सर्द हवा चलनी शुरू हो गई। जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 10 दिन रहेगी तेज सर्दी
राजस्थान में मौसम की स्थिति देखें तो अगले 10 दिन सर्दी थोड़ी तेज रहने का अनुमान है। 14 जनवरी की शाम से एक नया वेस्टर्न डिर्स्टबेंस एक्टिव होगा, जिसके असर से उदयपुर, कोटा के साथ जयपुर संभाग के आंशिक हिस्से में बादल छा सकते हैं। इस सिस्टम का असर 15 जनवरी को भी देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 21-22 जनवरी तक प्रदेश में दिन ठंडे रहने का अनुमान है।


