रांची के मरांग गोमके एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में 28 दिसंबर से शुरू होने जा रही हॉकी इंडिया लीग (विमेंस एचआईएल सीजन-2) को लेकर शहर में खेल का माहौल बन चुका है। रविवार तक लीग में शामिल सभी टीमें रांची पहुंच चुकी हैं। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। टीमों के आगमन के साथ ही स्टेडियम में तैयारियों ने भी अंतिम रूप ले लिया है। शनिवार तक रांची पहुंच चुकी टीमों ने रविवार दोपहर से ही अभ्यास शुरू कर दिया। शाम करीब 5:30 बजे से दिल्ली की टीम ने अभ्यास किया। इसके बाद श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने मैदान संभाला, जबकि रात करीब 8:30 बजे से रांची रॉयल्स की टीम ने बॉयज टीम के साथ अभ्यास मुकाबला खेला। देर रात तक चले इस सेशन में खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, बॉल पासिंग, स्ट्राइक, पेनाल्टी स्ट्रोक और पेनाल्टी शूटआउट पर खास फोकस किया। अभ्यास के दौरान टीमें जीत की रणनीति बनाती नजर आईं। लीग के दौरान हर दिन एक मुकाबला खेला जाएगा। 28 दिसंबर से शुरू होकर टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 10 जनवरी को खेला जाएगा। पिछले सीजन की तरह इस बार भी रांची में हॉकी का उत्सव देखने को मिलेगा, जहां ठंड के बीच खेल का रोमांच चरम पर रहने की उम्मीद है। प्रैक्टिस सत्र के दौरान टीमों ने खेल के हर तकनीकी पहलू को निखारने पर खास ध्यान दिया। खिलाड़ियों ने फर्स्ट टच कंट्रोल, तेज और सटीक बॉल पासिंग, डिफेंस से अटैक में त्वरित ट्रांजिशन, सर्कल के अंदर फिनिशिंग और रिबाउंड पर स्ट्राइक की प्रैक्टिस की। इसके अलावा पेनाल्टी कॉर्नर की वैरिएशन, पेनाल्टी शूटआउट, मैन-टू-मैन मार्किंग और प्रेसिंग गेम पर भी विशेष फोकस किया गया, ताकि मैच के दबाव में गलतियों को कम किया जा सके। रांची रॉयल्स पर टिकी निगाहें रांची में होने वाले मुकाबलों में रांची रॉयल्स की टीम आकर्षण का केंद्र रहेगी। टीम में सलीमा टेटे को छोड़ बाकी सभी स्थानीय खिलाड़ी शामिल हैं, ऐसे में घरेलू मैदान का फायदा मिलने की उम्मीद है। अभ्यास सत्र में टीम का जोश और आत्मविश्वास देखने लायक रहा। कोचिंग स्टाफ ने बताया कि टीम हर मुकाबले को फाइनल की तरह खेलेगी। स्टेडियम हो चुका है तैयार एंट्री मरांग गोमके एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम को रंग-रोगन और आवश्यक मरम्मत के बाद पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। दर्शकों के लिए इस बार भी फ्री एंट्री रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक हॉकी प्रेमी स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा सकें। सुरक्षा, लाइटिंग और बैठने की व्यवस्था को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। 27 तक रोज अभ्यास टीमें विमेंस एचआईएल में इस बार चार टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें 27 दिसंबर तक रोज अभ्यास करेंगी। पिछली बार रनरअप रही सूरमा हॉकी क्लब और तीसरे स्थान पर रही श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स इस बार भी मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। वहीं, रांची रॉयल्स पहली बार एचआईएल में हिस्सा ले रही हैं, जिसे लेकर स्थानीय दर्शकों में खास उत्साह है। दर्शकों के लिए इस बार भी फ्री एंट्री रखी गई है, जुटेगी खेल प्रेमियों की भीड़


