ट्रैक नेशनल चैंपियनशिप में पहली बार सीनियर वर्ग में सिल्वर, तीन पदकों के साथ शानदार प्रदर्शन

सिटी रिपोर्टर | बीकानेर. रूद्रपुर (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित ट्रैक नेशनल साइक्लिंग चैंपियनशिप में राजस्थान की साइक्लिंग टीम ने तीसरे दिन ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने प्रदेश के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। सीनियर वर्ग में पहली बार रजत पदक जीतकर राजस्थान के साइक्लिस्टों ने नया इतिहास रच दिया। इस प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम ने कुल एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए, जिससे प्रदेश में खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। प्रतियोगिता के सीनियर महिला वर्ग में चार किलोमीटर व्यक्तिगत पीछा स्पर्धा में हर्षिता जाखड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। यह उपलब्धि इसलिए भी ऐतिहासिक रही क्योंकि ट्रैक नेशनल चैंपियनशिप में सीनियर वर्ग में राजस्थान को पहली बार यह सफलता मिली है। महिला जूनियर वर्ग में तीन किलोमीटर स्पर्धा में अंजलि जाखड़ ने जबरदस्त दमखम दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस जीत ने राजस्थान की पदक तालिका को मजबूती दी और यह साबित किया कि प्रदेश की युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर चुनौती देने की पूरी क्षमता रखती हैं। वहीं पुरुष जूनियर वर्ग की तीन किलोमीटर स्पर्धा में शिव रतन ने कांस्य पदक जीतकर टीम के शानदार प्रदर्शन को और मजबूत किया। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच शिव रतन का यह पदक भविष्य के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है। खिलाड़ियों की मेहनत का मिला फल चयन समिति की चेयरमैन सारिका चौधरी ने इस उपलब्धि को खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरी टीम और सहयोगी स्टाफ के संयुक्त प्रयास का नतीजा है। अंतरराष्ट्रीय कोच दयालाराम जाट, चयन समिति के सदस्य राजेंद्र कुमार शर्मा और गजेंद्र चौधरी ने भी टीम को इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए बधाई दी। सारिका चौधरी ने बताया कि टीम कोच श्रवण डूडी, राकेश कुमार जाखड़, सुंदर लाल विश्नोई, सावरा राम चीघा तथा टीम मैनेजर तरुणा विश्नोई की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन से यह संभव हो पाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *