सिहोरा को जिला बनाने की मांग पिछले 30 साल से चल रही है। इसी को लेकर लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति और स्थानीय लोग पिछले 15 दिन यानी 3 दिसंबर 2025 से लगातार आमरण सत्याग्रह कर रहे हैं। अब सीएम डॉ. मोहन यादव ने आंदोलनकारियों को उनसे मिलने बुलाया है। 22 दिसंबर यानी आज करीब 50 आंदोलनकारी दोपहर 2 बजे निजी वाहनों से भोपाल के लिए रवाना होंगे। 23 दिसंबर को उनकी मुलाकात सीएम से होगी। इसमें वो सिहोरा जिला बनाने की मांग को लेकर बातचीत करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री से उनकी बात निर्णायक साबित होगी। दरअसल, 11 दिसंबर 2025 को अनशन में शामिल आरएसएस के पूर्व प्रचारक प्रमोद साहू की अन्न जल त्यागने के चलते तबीयत बिगड़ गई थी। प्रमोद आईसीयू में भर्ती हुए। इसके अगले दिन यानी 13 दिसंबर को क्षेत्रीय विधायक संतोष वरकड़े के माध्यम से डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने प्रमोद साहू से फोन पर बात की। अनशन खत्म करने का अनुरोध किया। उन्होंने प्रमोद को अगले मंगलवार को सीएम के साथ बैठकर बातचीत का भरोसा दिलाया। डिप्टी सीएम की रिक्वेस्ट पर प्रमोद ने जल तो ग्रहण कर लिया लेकिन उन्होंने कहा कि सिहोरा जबतक जिला नहीं बन जाता तब तक अन्न ग्रहण नहीं करेंगे। तबसे प्रमोद साहू अन्न त्यागे हुए हैं। नहीं हो पाई थी सीएम से मीटिंग
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने प्रमोद साहू से 13 दिसंबर 2025 यानी शनिवार के दिन बात की थी। अगले मंगलवार यानी 16 दिसंबर 2025 को सीएम से टेबल टॉक का भरोसा दिलाया था। 16 दिसंबर का दिन बीत गया लेकिन आंदोलन समिति को सीएम से बातचीत को लेकर कोई अपडेट नहीं मिला। बाद में उन्हें जानकारी लगी कि डिप्टी सीएम के परिवार में किसी का निधन होने के चलते ये संभव नहीं हो पाया। अब आने वाले मंगलवार को आंदोलनकारियों की सीएम से बातचीत तय है। इसको लेकर सिहोरा वासियों और आंदोलनकारियों के बीच उत्साह का माहौल है। लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति के सदस्य राकेश पाठक ने कहा, हमने आसपास के सभी गांव के साथ सामंजस्य बिठाकर इस आंदोलन को धार दी है। साहू जी पिछले 18 दिनों से आमरण सत्याग्रह में बैठे हुए है। अब सीएम ने हमें वार्ता के लिए बुलाया है। हम सिहोरा को जिला बनाने की बात उनके समझ रखेंगे। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सिहोरा प्रकाश पांडे ने कहा, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हमें वार्ता के लिए बुलाया है। सिहोरा को जिला बनाने की मांग लेकर हम करीब 50 लोग भोपाल पहुंच रहे हैं। हमें भरोसा है कि मुख्यमंत्री जी ने पूर्व में जो सिहोरा जिला बनाने का आश्वासन हमें दिया था उसे पूरा करेंगे। अनोदल समिति के सदस्य कृष्ण कुमार कुररिया ने कहा, हम सकारात्मक उद्देश्य लेकर भोपाल जा रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री की तरफ से कोई आशाजनक परिणाम सामने नहीं आता, जिला बनाने को लेकर पुख्ता बात सामने नहीं आती तो हमारे लिए बड़ा आंदोलन करने के सारे रास्ते खुले हुए हैं। हम पूरी प्रखरता के साथ आंदोलन को जारी रखेंगे। ये खबर भी पढ़ें… सिहोरा को जिला बनाने का आंदोलन 10 दिन से जारी सिहोरा को जिला बनाने को लेकर 6 दिसंबर से आमरण सत्याग्रह चल रहा है। इसमें सिहोरा तहसील के सभी लोग बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। आंदोलन का मुख्य चेहरा आरएसएस के पूर्व प्रचारक रहे प्रमोद साहू बने हुए हैं। प्रमोद अन्न जल त्यागकर अनशन पर बैठे हैं। इसी बीच उनकी तबीयत बिगड़ने के चलते उन्हें आईसीयू में भी भर्ती किया गया। पूरी खबर पढ़ें


