ख्वाजा गरीब नवाज के सालाना उर्स में आने वाले जायरीन की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने वाले मालेगांव नासिक के चोर गिरोह का दरगाह थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया। पुलिस ने गिरोह में शामिल 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 20 लाख कीमत के 80 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी वंदिता राणा के अनुसार- उर्स के दौरान दरगाह में बड़ी संख्या में जायरीन आते हैं। ऐसे में चोर गिरोह सक्रिय हो जाते हैं और जायरीन का मोबाइल फोन, पर्स व गहने चोरी करने की वारदात करते हैं। ऐसे चोर गिरोह को दबोचने के लिए विशेष टीम बनाई गई, जो सीसीटीवी कैमरों से भी बदमाशों पर निगरानी रख रही है। इस बीच टीम को बदमाशों के संबंध में सूचना मिल गई। टीम ने बदमाशों की घेराबन्दी कर एक-एक कर 7 आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने जायरीन के मोबाइल फोन चोरी करना स्वीकार कर लिया। सातों आरोपियों के कब्जे से तलाशी के दौरान चोरी के 80 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए है। ये हुए गिरफ्तार आरोपी गिरफ्तार आरोपियों में मालेगांव, जिला नासिक (महाराष्ट्र) निवासी शाहिद शेख (22) पुत्र सलीम शेख, शेख अयूब (44) पुत्र शेख युसूफ, अतीक खान (35) पुत्र अनवर खान, समीर शेख (23) पुत्र नाजीर शेख, रविन्द्र खलसे (22) पुत्र नारायण खलसे एवं सूरत (गुजरात) निवासी हुसैन शाह (35) पुत्र यासीन शाह और शाह जावेद (35) पुत्र अकबर हैं। जिनसे उनके अन्य साथियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। उर्स में अब तक 33.80 लाख के मोबाइल बरामद इसके अलावा वर्ष 2025 में उर्स के दौरान दरगाह थाना टीम ने अब तक कुल 16 मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से चोरी के 129 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 33 लाख 80 हजार रुपए है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त करीब 102 लोगों को संदिग्ध मानते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया है।


