श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी पर राममय हुआ जयपुर:मंत्रोच्चार के साथ 51 हजार दीयों से महाआरती और भव्य दीपदान, देवताओं की सजी झांकी

छोटी काशी के नाम से मशहूर जयपुर मंगलवार रात श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। सिविल लाइंस स्थित जैकब रोड पर श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी के उपलक्ष्य में भव्य दीपदान और महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वैदिक विद्वानों ने मंत्रोच्चार के साथ 51 हजार दीयों से महाआरती की, जिसने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक माहौल में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के संयोजक भाजपा नेता मनीष पारीक ने बताया कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज, जयपुर ग्रेटर निगम की मेयर सौम्या गुर्जर और जयपुर हैरिटेज निगम की पूर्व मेयर मुनेश गुर्जर भी मौजूद रहे। सांस्कृतिक और आध्यात्मिक झलकियां
कार्यक्रम के दौरान शिव-हनुमान की झांकियां, सांस्कृतिक नृत्य, झांझ-मंजीरे, शंखनाद, ढोल और शहनाई की मधुर ध्वनि ने वातावरण को जीवंत बना दिया। साथ ही, डीजे पर श्रीराम के भजनों ने सर्द मौसम में भी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा शांति नगर मंडल महामंत्री सुरेश शर्मा और शालिनी जोशी ने किया। इस अवसर पर पार्षद, पूर्व पार्षद, भाजपा कार्यकर्ता, और मातृशक्ति के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। जयपुर में इस भव्य आयोजन ने न केवल आध्यात्मिकता का संदेश दिया बल्कि सामूहिकता और धार्मिक समर्पण की भावना को भी प्रकट किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *