भोपाल के डीएवी विद्यालय परिसर में 21 दिसंबर से तीन दिवसीय प्रांतीय आर्य महासम्मेलन का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः यज्ञ से हुई, जिसमें ब्रह्मा आचार्य योगेंद्र याज्ञिक ने यज्ञ संपन्न कराया। मंत्रोच्चार मोहन बड़ोदिया गुरुकुल की कन्याओं द्वारा किया गया। आचार्य योगेंद्र याज्ञिक ने यज्ञ के महत्व, उससे होने वाले लाभ और मानव जीवन पर उसके प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे स्वामी ऋतस्पति ने अपने संबोधन में कहा कि ईश्वर एक है और उसी की उपासना करनी चाहिए। ईश्वर की आराधना और प्रार्थना से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त होती है। इसके बाद ‘ओम्’ ध्वजारोहण स्वामी ऋतस्पति की अध्यक्षता में प्रांतीय सभा के प्रधान प्रकाश आर्य, पूर्व प्रधान इंद्रप्रकाश गांधी और सभा सचिव अतुल वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया। गुरुकुल की कन्याओं ने ओम् ध्वज गीत की प्रस्तुति दी, जबकि आचार्य योगेंद्र याज्ञिक ने ‘ओम्’ की सुंदर व्याख्या प्रस्तुत की। द्वितीय सत्र से पूर्व हरिओम सरल और दिलीप आर्य ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। द्वितीय सत्र में पूर्व सांसद आलोक संजय ने आर्य समाज की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आर्य समाज समाज में ज्योत से ज्योत जलाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपने संस्कारों से दूर न जाने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता आचार्य योगेंद्र याज्ञिक ने “सनातन धर्म और आर्य समाज” विषय पर संबोधन देते हुए कहा कि परमेश्वर ने सृष्टि की रचना के साथ ही मानव कल्याण के लिए चार वेदों के माध्यम से शुद्ध ज्ञान प्रदान किया। यह ज्ञान न नया है, न पुराना, बल्कि सनातन है। उन्होंने कहा कि सनातन को समाप्त करने की बात करने वालों को पहले ईश्वर को समाप्त करना होगा, जो असंभव है। इसलिए सनातन धर्म भी कभी समाप्त नहीं हो सकता। उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वेद हमारे ज्ञान का भंडार हैं और हमें वेदों की ओर लौटना होगा। अध्यक्षीय उद्बोधन में स्वामी ऋतस्पति ने कहा कि आर्य समाज का उद्देश्य संसार का उपकार करना है। देश की संस्कृति को बचाने के लिए समाज को सजग रहना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को भव्य बना सकते हैं, लेकिन देश को दिव्य और महान बनाने का कार्य आर्य समाज ही कर सकता है। तीसरे सत्र में महिला सम्मेलन आयोजित हुआ। इस सत्र में महिला स्वतंत्रता और स्वच्छंदता पर हुई विस्तृत चर्चा, अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट मंत्री व महू विधायक उषा ठाकुर ने की। कार्यक्रम में संयोजक विजय अग्रवाल और संरक्षक दिनेश अग्रवाल ने भी विचार रखे। स्वागत उद्बोधन एवं आयोजन से संबंधित जानकारी प्रधान प्रकाश आर्य ने दी। संचालन सचिव अतुल वर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दक्ष देव गौड़ ने किया।


