मऊगंज विधानसभा में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का समापन रविवार शाम को पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के खेल मैदान में हुआ। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। जिला स्तरीय इस महोत्सव में विभिन्न खेल विधाओं में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल के साथ-साथ अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखा गया। खेल महोत्सव बना युवाओं के विकास का मिला मंच समापन समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंच से पुरस्कृत किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर खेल से जुड़े रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है, साथ ही युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास को भी मजबूती मिलती है। खेलों से युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व का विकास खेल युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम वर्क की सीख देता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी है। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया। इसका लक्ष्य क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में मदद करना है। समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, मऊगंज विधायक श्री प्रदीप पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेंद्र मिश्रा, पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती संतोष सिंह, खेल अधिकारी एमके धौलपुरी, बंशगोपाल तिवारी, संदीप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशिक्षक, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


