रीवा के टिकुरी (मनकहरी) गांव में सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना लापरवाही की भेंट चढ़ गई है। यहां बिछाई गई पाइपलाइन पिछले एक साल से फटी पड़ी है, लेकिन अब तक न तो रोड क्रॉसिंग कराई गई और न ही पाइपलाइन की मरम्मत हुई। नतीजा यह है कि रोजाना सैकड़ों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है, जबकि गांव के लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। सड़क पर कीचड़, घरों में नहीं पहुंच रहा पानी ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क के नीचे से रोड क्रॉसिंग नहीं कराई गई, जिससे पाइप क्षतिग्रस्त हो गई। फटी पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण एक तरफ हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ सड़क पर जलभराव से आवागमन भी मुश्किल हो गया है। शहर के कई इलाकों में पानी की किल्लत है, लेकिन यहां पानी सड़कों पर बह रहा है। कई बार की शिकायत, नहीं जागे जिम्मेदार ग्रामीण विपिन तिवारी ने बताया कि पाइपलाइन फटने की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और पंचायत स्तर पर की गई। लेकिन आज तक न तो कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही मरम्मत का काम शुरू हुआ। ग्रामीणों में इसे लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर लापरवाही के कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। PHE अधिकारी बोले- अब ठीक कराएंगे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के अधिकारी ने बताया कि टिकुरी (मनकहरी) गांव में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। रोड क्रॉसिंग नहीं होने के कारण पाइप फटने की बात सामने आई है। संबंधित ठेकेदार और विभागीय अमले को मौके पर भेजकर जल्द सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारी ने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


