दतिया जिले के इंदरगढ़ में सेंवढ़ा-दतिया स्टेट हाइवे पर रविवार शाम जाम लग गया। जाम में आमजन के साथ भिंड-दतिया सांसद संध्या राय और सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल भी फंस गए। सांसद की कार करीब एक घंटे तक जाम में खड़ी रही, जबकि कार्यक्रम में देर होने पर विधायक बाइक से हाथ जोड़ते हुए जाम पार करते दिखे। जाम में एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे इमरजेंसी वाहन भी फंसे रहे। पिछले चार दिन से इंदरगढ़ में रोज जाम लग रहा है, लेकिन प्रशासन के पास अब तक कोई ठोस समाधान नहीं है। इंदरगढ़ नगर भौगोलिक रूप से स्टेट हाइवे पर बसा है और इसी मार्ग पर मुख्य बाजार भी है। जगह-जगह अतिक्रमण होने से जाम की स्थिति बनती है। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की है, ताकि बाजार क्षेत्र में जाम न लगे, लेकिन चार दिन से हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। सांसद एक घंटे जाम में रहीं, विधायक बाइक से निकले रविवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहीं भिंड-दतिया सांसद संध्या राय जाम में फंस गईं। उनकी गाड़ी करीब एक घंटे तक जाम में खड़ी रही। वहीं सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल भी जाम में फंसे। कार्यक्रम में जल्दी होने के कारण उन्होंने बाइक पर बैठकर निकलना मुनासिब समझा और इस दौरान लोगों से हाथ जोड़ते हुए नजर आए। 7KM बाइपास अब भी कागजों में इंदरगढ़ के लिए प्रस्तावित 7 किलोमीटर लंबा बाइपास अब भी कागजों तक सीमित है। यह बाइपास दतिया रोड से सेनपुरा होते हुए गुजरना है, लेकिन निजी भूमि विवाद के कारण परियोजना अटकी हुई है। इसका प्रस्ताव पहली बार 2016 में तैयार हुआ था। इसके बाद भी प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता से काम आगे नहीं बढ़ सका। इस संबंध में सांसद संध्या राय ने कहा कि वह इस मामले में प्रशासन से चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि विधायक और वह स्वयं बाइपास के लिए प्रयासरत हैं। ओवरब्रिज बनाकर भी निकाला जा सकता है समाधान दतिया-सेंवढ़ा स्टेट हाइवे को नए सिरे से बनाने और बाइपास निर्माण का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। स्वीकृति मिलने पर हाइवे की लंबाई और चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। चूंकि नगर का मुख्य बाजार इसी हाइवे पर है, इसलिए बार-बार जाम लगता है। बाइपास नहीं बनने की स्थिति में ओवरब्रिज बनाना भी एक विकल्प हो सकता है, जिससे भारी वाहनों को नगर के भीतर आए बिना निकाला जा सके। सोशल मीडिया पर जाम को लेकर तंज इंदरगढ़ में लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने तंज कसे। कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने सोशल मीडिया पर लिखा कि इंदरगढ़ का जाम, हे राम, आज पुन: फंस गए साहब। इसके अलावा कई लोगों ने जाम में फंसे माननीयों को लेकर पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी।


