मंदसौर में पशुपतिनाथ लोक का निर्माण अंतिम चरण में:25 करोड़ का काम लगभग पूरा, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे लोकार्पण

मंदसौर में शिवना नदी के तट पर स्थित अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में बन रहा पशुपतिनाथ लोक अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 25 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए जा रहे इस लोक का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बाकी कामों के पूरा होते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका लोकार्पण करेंगे। हाल ही में कलेक्टर अदिति गर्ग ने मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग के अधिकारियों के साथ पशुपतिनाथ लोक में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि लोक से जुड़े सभी कार्य अंतिम चरण में हैं और इन्हें जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। ड्रेनेज, लाइटिंग और फाइनल चेकिंग का काम जारी लोक निर्माण का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। वर्तमान में निकासी व्यवस्था, वॉशिंग, लाइटिंग और अंतिम जांच का कार्य प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि धरातल पर पानी के बहाव को ध्यान में रखते हुए फर्श का कार्य किया जाए। उन्होंने पिलर निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और यह सुनिश्चित करने को कहा कि लोक निर्माण में रंगों में कोई अंतर न हो। साथ ही पत्थरों को मजबूती से जोड़कर पूरे ढांचे को इस प्रकार तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे हवा और पानी का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। हाई मास्ट लाइट और प्लांटेशन पर भी फोकस निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्लांटेशन कार्य और हाई मास्ट लाइटिंग व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां अंधेरा है, वहां हाई मास्ट लाइट अनिवार्य रूप से लगाई जाए। रुद्राक्ष स्ट्रक्चर, थिएटर, ऐतिहासिक दीवार, ड्रेनेज, पाइपलाइन सहित अन्य निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। 29 दिसंबर के आसपास हो सकता है लोकार्पण बीते दिनों भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव दीक्षित की अगुआई में पार्टी नेताओं ने भी पशुपतिनाथ लोक का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने ठेकेदार और कर्मचारियों से निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया था। भाजपा नेताओं के निरीक्षण के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। अब इस पर पूर्व विधायक और प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया ने मुहर लगा दी है। पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने बताया कि पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर के लोक परिसर के रूप में पहली किस्त की 25 करोड़ रुपए की राशि से निर्माण, विकास और सौंदर्यकरण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। उन्होंने बताया कि लोकार्पण को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से चर्चा हो चुकी है और 29 दिसंबर के आसपास उनका मंदसौर आना प्रस्तावित है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *