अरावली आंदोलन 24 दिसंबर से शुरू:निर्मल चौधरी माउंट आबू से निकालेंगे 1000 किमी जनयात्रा

अरावली पर्वतमाला की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 24 दिसंबर से ‘अरावली आंदोलन’ शुरू किया जा रहा है। राजस्थान विश्वविद्यालय के निवर्तमान अध्यक्ष निर्मल चौधरी के नेतृत्व में यह जनयात्रा माउंट आबू, सिरोही से प्रारंभ होगी। इस यात्रा के तहत गांव-गांव और गली-गली होते हुए लगभग 1000 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इसका मुख्य लक्ष्य आमजन को अरावली के महत्व और उस पर मंडरा रहे खतरों के प्रति जागरूक करना है। आयोजकों के अनुसार, अरावली पर्वतमाला पर बढ़ते खनन, अतिक्रमण और पर्यावरणीय दोहन से जल स्रोतों, वन क्षेत्रों और जैव विविधता को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। इन समस्याओं को रोकने और आमजन को जागरूक करने के लिए यह आंदोलन शुरू किया जा रहा है। निर्मल चौधरी ने कहा कि यह संघर्ष केवल पहाड़ों को बचाने का नहीं है, बल्कि जल, जंगल, जमीन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने का भी है। आंदोलन के दौरान पैदल यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। यात्रा विभिन्न गांवों और कस्बों से होकर गुजरेगी, जहां जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने पर्यावरण प्रेमियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस जनआंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *