BJP ने लगाए अवैध खनन के आरोप:वीडियो सबूत होने का दावा, पुलिस-प्रशासन और माइनिंग विभाग की भूमिका पर सवाल

मोहाली जिले के खिजराबाद गांव (ब्लॉक माजरी, तहसील खरड़) में अवैध खनन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। FIR दर्ज होने के बावजूद खनन गतिविधियां लगातार जारी हैं। यह आरोप बीजेपी पंजाब के स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी ने लगाए हैं। उनका कहना है कि अवैध खनन न सिर्फ बंद नहीं हुआ, बल्कि पहले के मुकाबले और फैल गया है।
विनीत जोशी ने बताया कि उन्होंने 21 दिसंबर 2025 को उसी अवैध खनन साइट का दोबारा निरीक्षण किया, जिसे वे पहले 8 नवंबर 2025 को देख चुके थे। मौके पर पहुंचने पर जमीन की ताजा खुदाई साफ दिखाई दी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अवैध खनन गतिविधियां लगातार चल रही हैं।
जोशी का दावा है कि उनके पास 8 नवंबर और 21 दिसंबर के फोटो और वीडियो सबूत मौजूद हैं, जो यह साबित करते हैं कि मोहाली माइनिंग विभाग द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने के बावजूद अवैध खनन नहीं रुका।
ग्रामीणों का आरोप: संरक्षण के बदले दी जा रही मोटी रकम
बीजेपी नेता ने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाए हैं कि अवैध खनन को संरक्षण देने के लिए संबंधित अधिकारियों और कुछ जनप्रतिनिधियों को भारी रकम दी जा रही है। इसी वजह से जिम्मेदार अधिकारी या तो आंखें मूंदे हुए हैं या फिर मूकदर्शक बने हुए हैं।
पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सवाल
विनीत जोशी ने इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों (SHO से लेकर SSP स्तर तक), सिविल प्रशासन (तहसीलदार, SDM खरड़, DC मोहाली) और जिला माइनिंग विभाग की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कागजों में दिखाई जा रही कार्रवाई और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है, जो प्रशासनिक विफलता को उजागर करता है।
बीजेपी ने मामले में तुरंत जवाबदेही तय करने और अवैध खनन में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *