तरनतारन जिले के कंबोके गांव में जमीन विवाद को लेकर 70 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई। आरोप है कि मृतक के भाई, भाभी और भतीजे ने इस वारदात को अंजाम दिया। खालरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में कंबोके निवासी अमरजीत सिंह ने बताया कि उनके पिता जगतार सिंह (70) बीते कल शाम खाना खाने के बाद हवेली के बाहर गए थे। इसी दौरान उनके चाचा दिलबाग सिंह, चाची सुखजिंदर कौर और उनके बेटे गुरलाल सिंह ने उनके पिता को परेशान करना शुरू कर दिया। पेट पर मारी लात अमरजीत सिंह के अनुसार, गुरलाल सिंह ने उनके पिता के पेट में लात मारी, जिससे वे वहीं गिर पड़े। हमलावर मौके से फरार हो गए। जब परिजन जगतार सिंह को अस्पताल ले जाने लगे, तो उन्होंने देखा कि उनकी मृत्यु हो चुकी थी। अमरजीत सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद के कारण ही उनके पिता की हत्या की गई। खालरा पुलिस स्टेशन के प्रमुख सब-इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह ने बताया कि अमरजीत सिंह के बयानों के आधार पर दिलबाग सिंह, सुखजिंदर कौर और गुरलाल सिंह के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


