राजधानी रायपुर के खमतराई इलाके में चलती स्कॉर्पियों में आग लगने से हडकंप मच गई। स्कॉर्पियों चालक की सूझबूझ से गाड़ी में सवार चार लोगों की जान बची। गाड़ी में आग लगने की पुष्टि खमतराई निरीक्षक ने की है। खमतराई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बेमेतरा निवासी विष्णु साहू अपनी एक रिश्तेदार को इलाज के लिए डीकेएस अस्पताल रायपुर लेकर आए थे। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वे अन्य साथियों के साथ वापस बेमेतरा लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वाहन खमतराई ओवरब्रिज पर पहुंचा, कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग की लपटें उठने लगीं। गाड़ी में आग लगता देखकर चालक ने गाड़ी रोकी और वाहन सवार सभी व्यक्ति नीचे उतरे। गाड़ी मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी राख हो चुकी थी। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका गाड़ी में आगजनी का कारण पता लगाने में पुलिस टीम जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात मानकर पुलिस जांच कर रही है। आगजनी का कारण पता लगाने के लिए वाहन मालिक और स्कॉर्पियों में सवार लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ की है। पूर्व में भी लग चुकी आग चलती गाड़ी में आग लगने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी तेलीबांधा और राखी थानाक्षेत्र में गाड़ी में आग लग चुकी है। इन घटनाओं के बाद भी पुलिस ने प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट का मामला बताया था। बहरहाल खमतराई इलाके में गाड़ी में हुई आगजनी की पुलिस जांच कर रही है।


