सर्दी में खाद लेने सुबह से लाइन में किसान:श्योपुर में आज 2000 टोकन जारी, अगले सप्ताह मिलेगा खाद

जिले में रबी सीजन के लिए खाद वितरण प्रक्रिया जारी है। सोमवार को किसानों को 2000 टोकन जारी किए गए, जबकि मंगलवार को भी 2000 टोकन और दिए जाएंगे। इन टोकन धारकों को अगले सप्ताह खाद उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, 15 दिसंबर को टोकन प्राप्त करने वाले किसानों को आज और कल मिलाकर कुल 7700 कट्टे खाद का वितरण किया जा रहा है। खाद लेने के लिए किसान सुबह पांच बजे से ही कड़ाके की ठंड और घने कोहरे में लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं। ठंड से बचने के लिए कई किसान अलाव का सहारा लेते दिखे। प्रशासन ने वितरण प्रक्रिया सुचारु रखने के लिए कर्मचारियों को तैनात किया है। जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आज 2000 टोकन दिए जाएंगे, जिनके आधार पर अगले सप्ताह खाद का वितरण होगा। उन्होंने यह भी बताया कि 15 दिसंबर को टोकन पाने वाले किसानों को आज और कल में 7700 कट्टे खाद वितरित की जा रही है। डीएमओ ने कहा कि किसानों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए समयबद्ध और पारदर्शी व्यवस्था अपनाई जा रही है। किसानों का कहना है कि ठंड और कोहरे के बावजूद समय पर खाद लेना उनकी मजबूरी है, क्योंकि देरी से फसल प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से टोकन और खाद वितरण की संख्या बढ़ाने की मांग की है, ताकि भीड़ कम हो और उन्हें राहत मिल सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आने वाले दिनों में आपूर्ति बढ़ने पर वितरण प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *