गुना के बमोरी इलाके में बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में लूट की वारदात को अंजाम दिया। रविवार रात बदमाश एक घर में घुसे और परिवार के मुखिया की गर्दन पर बंदूक अड़ाकर तिजोरी की चाबी मांग ली। बदमाशों ने तिजोरी से 3 लाख रुपए कैश और सोने-चांदी के जेवर साफ कर दिए। वारदात के वक्त परिवार के बाकी सदस्य पास के कमरे में ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना बमोरी इलाके के सोनखरा गांव की है। पीड़ित पहलवान धाकड़ ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे वह मुख्य कमरे में सो रहे थे। पास के कमरे में उनके बेटे, बहू और बच्चे सो रहे थे। तभी तीन बदमाश कमरे में घुस आए। उन्होंने पहलवान की गर्दन पर बंदूक जैसा कुछ अड़ा दिया और तिजोरी की चाबी मांगने लगे। डर के मारे पहलवान ने फ्रिज में रखी चाबी निकालकर उन्हें दे दी। रस्सी से बांधकर भाग निकले बदमाश चाबी मिलते ही बदमाशों ने तिजोरी में रखे 3 लाख रुपए और अलमारी से जेवर निकाल लिए। जाते-जाते उन्होंने पहलवान को रस्सी से बांध दिया और फरार हो गए। हैरत की बात यह है कि बगल के कमरे में सो रहे परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी आवाज तक नहीं आई। मौके पर पहुंचे फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट सूचना मिलते ही बमोरी पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई। बमोरी थाना प्रभारी (TI) दिलीप राजपूत ने बताया कि पहलवान धाकड़ की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। 3 दिन पहले हुआ था खूनी संघर्ष सोनखरा गांव में तीन दिन पहले ही जमीनी विवाद में मारपीट हुई थी। यहां शासकीय हाई स्कूल के लिए आरक्षित जमीन की नापजोख करने जब PWD की टीम पहुंची थी, तो दो पक्षों में विवाद हो गया था। मारपीट में शंकरलाल धाकड़ (70) घायल हो गए थे, जिनका भोपाल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 फरार हैं। जिस घर में अब लूट हुई है, वह घायल शंकरलाल के परिजन का ही है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।


