मुरैना के पुराना बस स्टैंड चौराहे पर एक आरक्षक ने ठेले वाले से मूंगफली खरीदी, लेकिन पैसे नहीं दिए। जब गरीब ने युवक ने पैसे मांगे, तो सिपाही ने वर्दी का रौब दिखाते हुए उसे धमका दिया और बिना पैसे दिए चला गया। यह सब देख रहे एक बाइक सवार युवक ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है। बोला- जहां तू ठेला लगाता है, वहीं मेरी ड्यूटी जानकारी के मुताबिक, ट्रैफिक थाने में पदस्थ आरक्षक सुरेंद्र माहौर रविवार रात करीब 9 बजे पुराना बस स्टैंड बत्ती चौराहे पर ड्यूटी पर था। उसने सड़क से गुजर रहे एक मूंगफली के ठेले वाले को रोका और मूंगफली ली। जब ठेले वाले ने पैसे मांगे, तो आरक्षक ने धमकाते हुए कहा- “मेरी ड्यूटी वहीं रहती है, जहां तू ठेला लगाता है। चालान कर दूंगा।” इसके बाद वह बिना पैसे दिए वहां से निकल गया। ठेले वाला बोला- पुलिस कभी पैसे देती है क्या? घटना के बाद ठेले वाले मजदूर का दर्द भी छलक पड़ा। उसने कहा- “पुलिसकर्मी कभी किसी के पैसे देते हैं क्या? मैंने तो पैसे मांगे थे, लेकिन आरक्षक ने अपनी ड्यूटी का हवाला देकर धमका दिया और पैसे नहीं दिए।” TI बोले- हम तो पैसे देकर खरीदते हैं ट्रैफिक थाना इंचार्ज (TI) संतोष सिंह भदौरिया ने मामले पर कहा- “ऐसा कुछ नहीं हुआ होगा। पुलिस आरक्षक मूंगफली के पैसे क्यों नहीं देगा? हम सभी सामान खरीदते हैं, तो पैसे देते हैं। फिर भी अगर वीडियो सामने आया है, तो मैं मामले को दिखवाता हूं।”


