आगर टीम ने मोहन बड़ोदिया स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया:कायाकल्प योजना के तहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया

शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सोमवार दोपहर करीब 12 बजे आगर-मालवा से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। यह निरीक्षण कायाकल्प योजना के तहत अस्पताल की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, संसाधनों और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेने के लिए किया गया। निरीक्षण के दौरान आगर की स्वास्थ्य विभाग टीम ने जच्चा-बच्चा वार्ड, डिलीवरी वार्ड, जनरल वार्ड और अन्य विभागों का अवलोकन किया। टीम ने वार्डों की स्वच्छता, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, रिकॉर्ड संधारण और मरीजों की सुविधाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की गहनता से जांच की। मोहन बड़ोदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. राजेश रुहेला ने बताया कि यह कायाकल्प आंकलन के तहत किया गया निरीक्षण था। उन्होंने जानकारी दी कि अस्पताल प्रशासन द्वारा शासन के निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। निरीक्षण के समय अस्पताल का चिकित्सकीय और पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहा, जिसने टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। निरीक्षण के बाद टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। स्वास्थ्य विभाग का यह आंकलन अस्पताल में गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *