धनबाद जिले में चोरी की दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। बलियापुर और भूली में चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ किया। इन घटनाओं से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पहली घटना बलियापुर के करमाटांड स्थित बालाजी ज्वैलर्स में हुई। देर रात चोरों ने दुकान के पीछे का शटर तोड़कर प्रवेश किया और लाखों रुपए के गहने चुरा लिए। ऑनलाइन सीसीटीवी फुटेज में कुछ हलचल देखी दुकान मालिक ने सुबह करीब साढ़े तीन बजे अपने फोन पर ऑनलाइन सीसीटीवी फुटेज में कुछ हलचल देखी। उन्होंने तुरंत बलियापुर थाने को सूचना दी और दुकान पहुंचे, जहां शटर टूटा और सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। सीसीटीवी फुटेज में चोरों को सुनियोजित तरीके से दुकान में घुसते और चोरी को अंजाम देकर फरार होते साफ देखा जा सकता है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और आसपास के इलाकों में अन्य सीसीटीवी कैमरों की जांच करने में जुटी है। मकान मालिक मां के निधन पर गए थे इटखोरी इसी क्रम में, भूली के ए ब्लॉक में भी एक चोरी की वारदात हुई। यहां अशोक रवानी के घर को चोरों ने निशाना बनाया। उनकी मां के निधन के बाद वे अपने गांव इटखोरी गए हुए थे, तभी देर रात उनके घर से लाखों की संपत्ति चोरी हो गई। सुबह जब स्थानीय लोग अपने घरों से निकले, तो उन्होंने अशोक रवानी के घर पर लगे ताले को टूटा और सामान बिखरा हुआ पाया। इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी गई है। यह पिछले एक हफ्ते में भूली में हुई चोरी की चौथी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोग स्थानीय थाने की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


