सीहोर जिले के रेहटी क्षेत्र में नर्मदा नदी में अवैध रेत खनन जारी है। रेत माफियाओं की गतिविधियों और मशीनों के शोर से आसपास के गांवों के लोग परेशान हैं। जहाजपुरा और खारुआ गांव के सैकड़ों ग्रामीण इसका विरोध किया है। सोमवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर इस पर अंकुश लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि नर्मदा नदी की बीच धारा में 3 से 4 बड़ी पोकलेन मशीनें उतारकर रेत निकाली जा रही है। रेत निकालने के लिए नदी के बीच अस्थायी रास्ते बना दिए गए हैं, जिससे नदी का बहाव बिगड़ रहा है। मशीन जब्ती और अवैध रास्ते हटाने की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि गहराई तक रेत निकालने से जमीन के नीचे पानी का स्तर लगातार नीचे जा रहा है, जिससे आने वाले समय में पानी की समस्या हो सकती है। रेत माफिया के लोग लाठी-डंडों और हथियारों के सहारे रातभर अवैध खनन करते हैं और जो इसका विरोध करता है, उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह अवैध खनन एनजीटी के नियमों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने 181 हेल्पलाइन पर शिकायत भी की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मशीनें जब्त करने, अवैध रास्ते हटाने और खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


