इंदौर-महेश्वर में 150 करोड़ में बनेगा अहिल्या लोक:सिंहस्थ से पहले पूर्ण होगा निर्माण, महेश्वर में पर्यटन विभाग न शुरू किया काम

इंदौर में महूं नाके के पहले, लालबाग के पीछे स्थित पुराने आरटीओ भवन परिसर और उससे लगी खाली जमीन पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का स्मारक बनाया जाएगा। इस परियोजना पर 110 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिसमें पहले चरण में 40 करोड़ रुपए व्यय की जाएगी। परियोजना के तहत पुराने आरटीओ भवन में मौजूद हॉल और अन्य निर्माणों को तोड़ा नहीं जाएगा, बल्कि उन्हें संरक्षित रखते हुए आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। स्मारक में थ्री-डी प्रोजेक्शन, लाइट एंड साउंड शो, चित्रों और दृश्य प्रस्तुतियों के माध्यम से लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन, उनके योगदान और आदर्शों को दर्शाया जाएगा। महेश्वर में बनेगा ‘अहिल्या लोक’ इंदौर के साथ-साथ महेश्वर में भी उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर ‘अहिल्या लोक’ विकसित किया जाएगा। इस पर मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा लगभग 110 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। कुछ माह पूर्व कैबिनेट ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी थी और अब टेंडर सहित अन्य प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। नर्मदा तट पर बनने वाले अहिल्या लोक में लाइट एंड साउंड शो, प्राचीन मंदिरों और घाटों का जीर्णोद्धार तथा पूरे नर्मदा तट का समग्र विकास किया जाएगा। इस परियोजना को तीन हिस्सों में विकसित किया जाएगा। लोकमाता के जीवन पर आधारित होगी संपूर्ण प्रस्तुति पहले हिस्से में लोकमाता अहिल्याबाई की जीवंत जीवनगाथा, उनके प्रेरणादायक प्रसंग, इंदौर आगमन, विवाह, शौर्य, सुशासन और आध्यात्मिक कार्यों को दर्शाया जाएगा। इसके लिए एक विशेष फिल्म भी बनाई जाएगी। दूसरे और तीसरे चरण में म्यूजियम का जीर्णोद्धार, बाग-बगीचों का विकास, माता अहिल्या की गादी, उनके द्वारा निर्मित शिव मंदिरों सहित अन्य मंदिरों का संरक्षण और जीर्णोद्धार किया जाएगा। साथ ही यहां की बुनकर कला को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें महेश्वरी साड़ियों और पारंपरिक वस्त्रों की ब्रांडिंग की जाएगी। नर्मदा किनारे 15 एकड़ भूमि चिन्हित अहिल्या लोक के लिए नर्मदा किनारे 15 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। परियोजना पूर्ण होने के बाद यहां भी महाकाल लोक की तरह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। सिंहस्थ से पहले अहिल्या लोक के निर्माण को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु ओंकारेश्वर और महेश्वर भी दर्शन के लिए पहुंच सकें। उद्योगपति विनोद अग्रवाल ने दिए 5 करोड़ इंदौर में बनने वाले अहिल्याबाई होल्कर स्मारक के लिए गठित स्मारक प्रतिष्ठा की अध्यक्ष पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन हैं। उन्होंने इंदौर में राजवाड़ा पर आयोजित कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष इस परियोजना का प्रजेंटेशन भी प्रस्तुत किया था। समाजसेवी रामस्वरूप मूंदड़ा ने बताया कि इंदौर स्मारक परियोजना की कुल लागत करीब 100 करोड़ रुपए है, जिसमें पहले चरण के लिए 40 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना के लिए इंदौर के प्रसिद्ध उद्योगपति और दानवीर विनोद अग्रवाल ने 5 करोड़ रुपए के सहयोग की घोषणा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *