पलामू में हैदरनगर थाना पुलिस ने एक राशन दुकान की आड़ में चल रहे गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 3.270 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को 21 दिसंबर की शाम लगभग चार बजे गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार कुकही गांव निवासी गुड्डु कुमार (35) अपनी राशन दुकान में गांजा छिपाकर उसकी बिक्री करता था। एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया सूचना की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इस टीम ने कुकही पहुंच कर गुड्डु कुमार की राशन दुकान में छापा मारा। छापेमारी के दौरान दुकान की तलाशी ली गई, जिसमें एक प्लास्टिक थैले में छिपाकर रखा गया 3.270 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे को नियमानुसार जब्त कर सीलबंद किया गया। मौके से आरोपी गुड्डु कुमार को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में हैदरनगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में कांड दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


