बॉर्डर से सटे श्रीगंगानगर जिले में पश्चिमी विक्षोभ के असर से घना कोहरा और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सोमवार सुबह जिलेभर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी महज 10 मीटर से भी कम रह गई। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और ड्राइवरों को हेडलाइट जलाकर स्लो स्पीड से चलना पड़ा। तापमान 2 डिग्री बढ़ा मौसम रडार स्टेशन के पर, सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को न्यूनतम 9.3 और अधिकतम 25.0 डिग्री रहा, जबकि शनिवार को न्यूनतम 9.4 और अधिकतम 26.5 डिग्री दर्ज हुआ। कोहरे के कारण दिन का तापमान गिरा है, जबकि रात का तापमान बढ़ने से उतार-चढ़ाव जारी है। कोहरे में नमी की मात्रा 74% तक पहुंच गई, जिससे बूंदाबांदी जैसी स्थिति बनी और सड़कें गीली हो गईं। ठंडी हवाओं ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया। वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई, कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। मंगलवार से तापमान में और गिरावट आएगी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि मंगलवार से तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे तेज सर्दी का दौर शुरू होगा। उत्तर भारत में कोहरे और ठंड का असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा।


