धौलपुर शहर के निहालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया गया। चोपड़ा मंदिर के पास हुई इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान गुर्जर कॉलोनी निवासी उपेंद्र पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल धौलपुर पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल उपेंद्र के भाई वीरेंद्र ने बताया कि यह हमला पैसों के लेनदेन को लेकर हुए पुराने विवाद की रंजिश का नतीजा है। वीरेंद्र के अनुसार, उपेंद्र सुबह चोपड़ा मंदिर के पास दूध लेने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे के सरियों का इस्तेमाल किया, जिससे उपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना पर निहालगंज थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और घायल से जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।


