जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी कार्रवाई में 97 किलो डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने हार्डकोर अपराधी सोहनलाल सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कल्पना ट्रेवल्स की बस से नीमच (मध्यप्रदेश) से जोधपुर डोडा पोस्त की खेप लाई थी। पुलिस ने बस के अलावा एक अन्य वाहन भी जब्त किया है। बताया जा रहा है कि हरदयाल बिश्नोई, जो श्रीगंगानगर में दो मामलों में वांछित है, सप्लाई लेने पहुंचा था। पुलिस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया। अब तक वह नीमच से गंगानगर तक खेप पहुंचाता था, इस बार जोधपुर लाना उसके लिए भारी पड़ गया।सूत्रों के अनुसार, गिरोह राजस्थान में बड़े नेटवर्क के लिए डोडा पोस्त की सप्लाई करने की योजना बना रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनका यह नेटवर्क बनने से पहले ध्वस्त हो गया। पुलिस ने बस के चालक और खलासी को भी गिरफ्तार किया है।


