जसोल में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पावन अंश के होंगे दर्शन:श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान और आर्ट ऑफ लिविंग का संयुक्त आयोजन

श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल और आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में एक आध्यात्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान श्रद्धालुओं को लगभग एक हजार वर्ष प्राचीन सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पावन अंश के दर्शन का अवसर मिलेगा। यह आयोजन 24 दिसंबर 2025 को जसोलधाम मंदिर प्रांगण में होगा। यह दिव्य ज्योतिर्लिंग अंश भारत की सनातन धार्मिक परंपरा और आध्यात्मिक चेतना के संरक्षण के उद्देश्य से प्रदर्शित किया जा रहा है। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर जी के मार्गदर्शन में यह आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह दिव्य अंश प्राचीन काल से संत-महात्माओं और आचार्यों की देखरेख में संरक्षित रहा है। इसे शिवभक्ति, आध्यात्मिक चेतना और सनातन आस्था का प्रतीक माना जाता है। वर्तमान में, इस ज्योतिर्लिंग अंश को देश के विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ प्रस्तुत किया जा रहा है। इसी क्रम में यह जसोलधाम मंदिर संस्थान में भी आ रहा है, जिसे जसोल क्षेत्र सहित सभी शिव भक्तों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है। शाम 04:00 बजे से शाम 06:30 बजे तक होंगे दर्शन श्रद्धालु 24 दिसंबर 2025 को शाम 04:00 बजे से शाम 06:30 बजे तक जसोलधाम मंदिर प्रांगण में इस दिव्य ज्योतिर्लिंग अंश के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर संस्थान ने दर्शन व्यवस्था को सहज और सुचारु बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं। श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल द्वारा समस्त क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं, शिव भक्तों एवं धर्मप्रेमी जनों से सादर अनुरोध किया जाता है कि वे निर्धारित समय में पधारकर मंदिर की मर्यादा, शांति एवं पवित्र वातावरण का पालन करते हुए इस दिव्य, पावन एवं ऐतिहासिक अवसर पर दर्शन लाभ अवश्य प्राप्त करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *