नौकरी के नाम पर 42 युवाओं से करोड़ों की ठगी:आरोपियों ने खुद को बीपीएम और ऑपरेटर बताया; नेपानगर थाने में फर्जीवाड़े की शिकायत

बुरहानपुर में ग्रामीण डाक सेवक की नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सोमवार को सामने आया है। आरोप है कि 42 से अधिक युवाओं से करोड़ों रुपए की ठगी की गई है। इस संबंध में नेपानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, चार युवकों ने मिलकर ग्रामीण पोस्ट सेवा में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। प्रत्येक पीड़ित से 5.50 लाख रुपए ऐंठे गए। जिन लोगों पर ठगी का आरोप है, उन्होंने खुद को पोस्ट ऑफिस का बीपीएम (ब्रांच पोस्टमास्टर) और कंप्यूटर ऑपरेटर बताया था। नेपानगर में केस दर्ज, पुलिस ने जांच शुरू की
खंडवा जिले के पंधाना तहसील के गुड़ी निवासी मोईनुद्दीन पिता जैनुद्दीन सिद्दीकी ने अन्य पीड़ितों के साथ नेपानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने रईस पिता सलीम खां (वार्ड नंबर आठ, नेपानगर), धीरज पिता अशोक चौधरी (खंडवा), रामकिशन कास्डे (खालवा, खंडवा) और अनिल भाटे (जसवाड़ी, खंडवा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता बोले- सिक्योरिटी के जमा कराए 5.50 लाख
पुलिस को की गई शिकायत में करीब 12 लोगों के साइन हैं। पीड़ितों ने शिकायत में कहा कि 1 जनवरी 2022 से 20 अक्टूबर 2023 तक हमें बताया गया कि पोस्ट ऑफिस ग्रामीण के अंदर ऑफ लाइन भर्ती प्रक्रिया चालू है। इसके बाद नेपानगर पोस्ट ऑफिस में बीपीएम का पद खाली होना बताया गया। रईस पिता सलीम खां ने संपर्क किया। उसने कहा शिक्षित 10वीं पास बेरोजगारों के लिए ग्रामीण डाक सेवा में सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों ने सिक्योरिटी के बतौर 5.50 लाख रूपए जमा कराए। कहा गया कि तीन साल बाद डिपॉजिट मनी ब्याज के साथ वापस होगी। इसके लिए हमने इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक में खाता भी खुलवाया था। हमसे 50 फोटो, 5.50 लाख रूपए लिए गए। नगद और फोन पे के माध्यम से जमा किए। बाद में मोबाइल नंबर बंद आने लगा
ज्वाइनिंग लेटर मांगा तो 2 नवंबर 23 को जारी लेटर बाय हेंड रईस द्वारा ट्रेनिंग लेटर 5 नवंबर 23 को दिया गया। खंडवा हेड ऑफिस में ट्रेनिंग की बात कही गई। वहां धीरज चौधरी से बात कराई। बाद में कहा भर्ती कैंसिल हो गई। डिपॉजिट तीन महीने में ब्याज सहित वापस मिल जाएगा। हमें तीन माह तक ब्याज का 20 हजार डाला गया। रईस के घर के काफी चक्कर लगाने के बाद कहा गया कि 2025 में बजट आएगा। मई जून में पैसा दे दिया जाएगा। बाद में मोबाइल बंद कर लिया। पीड़ितों ने कहा हमारे साथ धोखाधड़ी हुई। थाना प्रभारी बोलीं- मामले की जांच कर रहे
थाना प्रभारी नेपानगर ज्ञानू जायसवाल ने कहा, पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने की शिकायत आई है। एक आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया है। अभी मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *