स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को स्वामी विवेकानंद उद्यान में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने शिकागो में दिए गए अपने ऐतिहासिक भाषण से भारतीय संस्कृति और सभ्यता को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया। वक्ताओं ने युवाओं से विवेकानंद जी के संदेशों को आत्मसात करने का आह्वान किया और कहा कि उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सदैव जागृत रहने का संदेश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की प्रगति युवाओं की जागरूकता पर निर्भर करती है। भाजपा नगर मीडिया प्रभारी अमृत सुथार के अनुसार, कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरुण ओझा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष नारायण देवासी, नगर मंडल अध्यक्ष चिराग रावल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में स्वामी विवेकानंद के विचारों की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही भारत अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है।


