राम जन्मभूमि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर द्वादशी के शुभ अवसर पर जिलेभर में भक्तिमय माहौल रहा। विभिन्न मंदिरों में भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ के विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सदर बाजार स्थित ठाकुरजी चारभुजा मंदिर में शनिवार की शाम को विशेष आयोजन हुआ। बड़े पुल पर खंडेलवाल शिव संघ के अध्यक्ष भगवती प्रसाद नाटाणी की अगुआई में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने श्री राम के जयकारे लगाए। महिला मंडली द्वारा सत्संग और संकीर्तन में भजनों की प्रस्तुति दी गई। जिला अस्पताल स्थित हनुमान मंदिर में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और एम्बुलेंस चालकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। सभी ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ किया और दीपदान किया। कार्यक्रम में आतिशबाजी का भी आयोजन किया गया। राजमाता धर्मशाला स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं ने राम धुन के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया और दीपदान कर श्री राम के जयकारे लगाए। छोटी ब्रह्मपुरी में स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के मोहल्लों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुंदरकांड पाठ में शामिल हुए। इस तरह पूरे जिले में भक्तिमय माहौल में वर्षगांठ मनाई गई।


