फरीदकोट पुलिस ने हत्या के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक महिला के साथ अवैध संबंध के चलते उसके पति की हत्या कर दी थी। ये वारदात 6 जनवरी की है, जब मचाकी कलां गांव में कुलदीप कुमार को तेजधार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया था। पुलिस ने मामले में गांव के ही रहने वाले कुलवंत सिंह उर्फ मोटा और आकाशदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त किरच भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी अमनदीप कौर इस मामले में तीसरी आरोपी है, जो अभी भी फरार है। डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के भाई राजिंदर कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी पेशे से ड्राइवर हैं और घटना के बाद पंजाब से फरार हो गए थे। पुलिस की टीमों ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब फरार चल रही मृतक की आरोपी पत्नी अमनदीप कौर की तलाश में जुटी हुई है।


