बुरहानपुर में सोमवार को नगर निगम की टीम ने लगभग 2 टन अमानक पॉलीथिन जब्त की। यह पॉलीथिन एक ट्रांसपोर्ट के माध्यम से शहर में लाई गई थी। नगर निगम के प्रभारी स्वास्थ्य निरीक्षक राकेश कुशवाह ने बताया कि यह पॉलीथिन बाहर से मंगवाई गई थी। ट्रांसपोर्ट संचालक ने अभी तक पॉलीथिन मंगवाने वाले व्यक्ति की जानकारी नहीं दी है, लेकिन उसे सूचना देकर बुलाया गया है। निगम टीम ने मौके से जब्त की गई अमानक पॉलीथिन को नगर निगम कार्यालय पहुंचाया। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा, सेक्टर अधिकारी अजय कनाडे और जीतू गोडियाले के नेतृत्व में की गई। नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध है। इसके मिलने पर जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति एक से अधिक बार ऐसा करता पाया जाता है, तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। आयुक्त श्रीवास्तव ने बताया कि जिस व्यक्ति ने यह पॉलीथिन मंगवाई है, उसे नोटिस जारी किया जाएगा।


