चूरू में आयुर्वेद विभाग द्वारा 25 से 28 दिसंबर तक संभाग स्तरीय आरोग्य मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होगा। सोमवार को आयुर्वेद विभाग ने इस आयोजन को लेकर विस्तृत जानकारी दी। आयुर्वेद उपनिदेशक डॉ. सत्यवीर ने बताया कि मेले में प्रतिदिन सुबह सात से आठ बजे तक योग व षट्कर्म का अभ्यास कराया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों (आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी, मर्म, अग्निकर्म, नेचुरोपैथी और सौंदर्य चिकित्सा) से उपचार प्रदान किया जाएगा। साथ ही, प्रतिदिन रोग प्रतिरोधक काढ़ा भी पिलाया जाएगा। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक स्वास्थ्य संबंधी व्याख्यान और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। शाम सात से नौ बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न आयुष औषधि निर्माताओं को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने और विपणन करने का अवसर मिलेगा। औषधीय पादपों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी और आगंतुकों को आयुष गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस दौरान आयुर्वेद चिकित्सक मनीष कुमार और आयुर्वेद चिकित्सक कमल विशिष्ट भी मौजूद रहे।


