धौलपुर जिले की कंचनपुर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट के मामले में फरार चल रहे इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए बदमाश पर धौलपुर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। सरकारी स्कूल के पास घूम रहे बदमाश को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के बाद बदमाश को कोर्ट में पेश किया जाएगा। कंचनपुर थाना प्रभारी शैतान सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट के मामले में फरार 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि 7 नवंबर को पीड़ित राकेश पुत्र अतर सिंह निवासी भरतपुर ने मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया था कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी लेकर जा रहा था। रास्ते में बदमाश लाखन और उसके पुत्र देवेंद्र और रवि ने अपनी बोलेरो गाड़ी से ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाकर उसकी पिटाई कर दी। आरोपी अवैध हथियार दिखाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को लूट कर ले गए। मामले में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों लाखन और रवि को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी देवेंद्र (22) पुत्र लाखन निवासी सुखे का पुरा के मूडनपुरा सरकारी स्कूल के पास आने की सूचना मिली थी। जिस सूचना पर पुलिस की टीम को मौके पर भेजकर इनामी बदमाश देवेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।


