रेल मंत्रालय ने कोटा से झालावाड़ के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन को घाटोली तक विस्तार करने की मंजूरी दे दी है। यह सेवा 14 जनवरी से शुरू होगी। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। कोटा रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि कोटा से झालावाड़ और अकलेरा के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन अब घाटोली तक का सफर तय करेगी। रेलवे को इस विस्तार के लिए की गई मांग को स्वीकृति मिल गई है। इस विस्तार का सबसे अधिक लाभ घाटोली और अकलेरा क्षेत्र के निवासियों को मिलेगा। वर्तमान में इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग झालावाड़ और कोटा की यात्रा करते हैं। बस सेवाओं की अनियमितता और कमी के कारण यात्रियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से झालावाड़ रोडवेज डिपो से कई बसों को दूसरे डिपो में स्थानांतरित किए जाने के कारण कई मार्गों पर बस सेवाएं नाम मात्र की रह गई हैं। मेमू ट्रेन सेवा के विस्तार से न केवल यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन मिलेगा, बल्कि उन्हें नियमित और भरोसेमंद यात्रा का विकल्प भी प्राप्त होगा। रेलवे प्रशासन जल्द ही इस नई सेवा की समय सारणी जारी करेगा। सांसद दुष्यंत सिंह करेंगे शुभारंभ
कोटा-झालावाड़ सिटी-कोटा का झालावाड़ सिटी से घाटोली स्टेशन तक विस्तार का शुभारम्भ सांसद दुष्यंत सिंह करेंगे। इस मामले में रेलवे बोर्ड ने सांसद सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर सूचना दी है। 14 जनवरी 2025 को गाड़ी संख्या 06614/06613 (न्यू ट्रेन नो. 61614/13) कोटा- झालावाड़ सिटी-कोटा का झालावाड़ सिटी से घाटोली स्टेशन तक विस्तार का शुभारम्भ सांसद झालावाड़-बारां दुष्यंत सिंह करना प्रस्तावित है।


