बिलासपुर के रतनपुर में सेप्टिक टैंक धंसा, दो घायल:राजमिस्त्री गंभीर, सिम्स रेफर; पुलिस को सूचना नहीं

बिलासपुर के रतनपुर में सेप्टिक टैंक निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने से दो लोग घायल हो गए। इनमें एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल है, जिसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। यह घटना रविवार को बुढ़ा महादेव मंदिर के पास हुई। जानकारी के अनुसार, ठेकेदार दीनदयाल निषाद ने मंदिर के पास एक घर में सेप्टिक टैंक बनाने का ठेका लिया था। रविवार दोपहर करीब दो बजे राजमिस्त्री सुंदर सूर्यवंशी और एक महिला श्रमिक टैंक के अंदर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गड्ढे की दीवार धंस गई और भारी मात्रा में मिट्टी नीचे गिर पड़ी। मिट्टी के मलबे में दबने से दोनों श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और ठेकेदार के साथ मिलकर मिट्टी हटाकर घायलों को बाहर निकाला। राजमिस्त्री बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला श्रमिक को छुट्टी दे दी गई। हालांकि, राजमिस्त्री सुंदर सूर्यवंशी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। इस हादसे ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *