संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अंबेडकर पर दिए बयान को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने अंबेडकर का अपमान किया है। उन्हें बाबा साहब की प्रतिमा के सामने नाक रगड़कर माफी मांगनी चाहिए। पटवारी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सोची समझी साजिश के तहत अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर वाली बात कही थी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पटवारी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी महू आने से पहले माफी मांगें कि कांग्रेस 55 साल तक सरकार में होने के बाद भी बाबा साहब के सम्मान में कुछ नहीं कर पाई। वीडी शर्मा ने कहा कि जीतू पटवारी बोलते समय यह सोच लें कि किसके लिए क्या बोल रहे हैं। बता दें कि कांग्रेस 27 जनवरी को बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली महू में जय भीम, जय बापू, जय संविधान रैली करने जा रही है। वहीं भाजपा ने 11 जनवरी से 26 जनवरी तक संविधान गौरव अभियान चलाया है। इन आयोजन को लेकर शनिवार को जीतू पटवारी और वीडी शर्मा ने अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस की। भाजपा-आरएसएस ने कई बार संविधान बदलने की बात कही
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने कई बार संविधान बदलने की बात कही और कोशिश भी की। इसलिए उन्हें गौरव दिवस के बजाय पश्चाताप दिवस मानना चाहिए। पटवारी ने कहा कि भाजपा ने विधायक और सांसद जैसे पवित्र पदों को बेचने खरीदने का काम किया गया है। ऐसे में राहुल गांधी ने संविधान को बचाने के लिए लड़ाई शुरू की है। आरएसएस और बीजेपी ने समय-समय पर आरक्षण पर सवाल उठाए और चुनौती खड़ी की है। वीडी बोले- झूठ परोसना और परसेप्शन बनाना कांग्रेस की नीति
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि झूठ परोसना और परसेप्शन बनाना कांग्रेस की नीति रही है। इसका जवाब जनता ने समय-समय पर दिया है। जवाहर लाल नेहरू और कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया। बाबा साहब अंबेडकर ने जब नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था तो सदन में उन्हें बोलने तक नहीं दिया गया। संविधान बनाने वाले बाबा साहब को इस अधिकार से कांग्रेस ने वंचित किया था। वीडी शर्मा ने कहा- भाजपा के केवल वोट पॉलिटिक्स नहीं बल्कि समाज में बाबा साहब और गांधी के विचारों को जमीन पर कैसे उतारा जाए, इसके लिए बीजेपी काम करती है। कांग्रेस का दावा- महू में एक लाख से ज्यादा लोग जुटेंगे
जीतू पटवारी ने कहा कि 17 जनवरी तक ब्लॉक, 20 जनवरी तक मंडल की मीटिंग होगी। 25 जनवरी तक संविधान से प्यार करने वाले सभी लोग इसके लिए जुटने की तैयारी करेंगे। एक लाख से अधिक लोग 27 जनवरी को महू में संविधान बचाने के लिए जुटेंगे। इसके लिए जिला और संभाग के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। शिवराज ने वादे किए, उन्हें मोहन यादव पूरे नहीं कर रहे
पटवारी ने कहा कि देश के सभी संतों ने एक ही बात कही है कि देश मोहब्बत का है। यही काम कांग्रेस पार्टी कर रही है। जनता ने कांग्रेस को विपक्ष का जनादेश दिया है। हम विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने जो वादे किए उन्हें सीएम डॉ. मोहन यादव पूरे नहीं कर रहे हैं। शाह का इस्तीफा होने तक चलेगी लड़ाई: जितेंद्र सिंह
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने देश के गरीब, मजदूर, एससी-एसटी की लड़ाई लड़ने और उनके विकास का काम किया है। बीजेपी देश को तोड़ने के लिए जाति, धर्म के नाम पर बीज बो रही है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा की यह लड़ाई तब तक चलती रहेगी जब तक कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह इस्तीफा नहीं दे देते हैं। उमंग सिंघार ने कहा- जनता के साथ खड़ी कांग्रेस
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि 27 जनवरी को महू में एक विशाल रैली निकाली जाएगी। सबका सम्मान, सबके अधिकार, सबकी अभिव्यक्ति ही कांग्रेस की राय है। कांग्रेस हमेशा ही आम जनता के लिए खड़ी है।


