भीलवाड़ा पुलिस और डीएसटी एंटी गैंगस्टर टीम ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की हत्या की वारदात को अंजाम देने से पहले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक पिस्टल, 6 कारतूस और मिर्ची पाउडर जब्त किया हैं। मामला थाना गंगापुर थाना क्षेत्र का है। थाना क्षेत्र के सरगांव निवासी भैरुलाल जाट ने अपने बड़े बेटे की शादी ग्राम बघेरा के सोहनलाल जाट की बच्ची के साथ की थी। लेकिन संबंध में मनमुटाव होने के कारण कुछ दिन पहले सामाजिक प्रोग्राम में सोहनलाल और उसके साथियों ने भैरूलाल के साथ धक्का-मुक्की कर दी। बदला लेने के लिए भैरूलाल ने अपने रिश्तेदार प्रकाश के साथ मंगरोप निवासी हरी सिंह से संपर्क किया, जो पहले भी अवैध हथियार रखने के मामले में मंगरोप थाने में पकड़ा जा चुका है। भैरूलाल व प्रकाश ने हरिसिंह को अपने गुंडों से सोहन लाल के साथ मारपीट करने के लिए 15- 15 हजार रुपए देना और मर्डर करने पर तीन-तीन लाख रुपए प्रत्येक आदमी को देना स्वीकार किया। इसके अलावा जमानत व कोर्ट में होने वाला खर्चा भी तय किया गया। इन्होंने 16 से 20 दिसंबर के बीच अपने साथियों के साथ सोहनलाल पर हमला करना तय किया। डीएसटी एंटी गैंगस्टर टीम द्वारा क्राइम प्रिवेंशन की कार्रवाई
भीलवाडा की डीएसटी एंटी गैंगस्टर टीम द्वारा क्राइम प्रिवेंशन की कार्रवाई करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सोहनलाल जाट निवासी बघेरा थाना गंगापुर के साथ लूट व डकैती व हत्या की साजिश की सूचना गंगापुर थाना प्रभारी को दी गई थी। सूचना मिलने के बाद टीम ने लूट, डकैती व हत्या करने की साजिश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बिना लाईसेंस परमिट के एक अवैध देशी पिस्टल मय मैग्जीन व 6 जिंदा कारतूस, मिर्ची पाउडर जप्त किया।


