छत्तीसगढ़ के धमतरी में देर रात गौ तस्करी के आरोप को लेकर अर्जुनी थाने के बाहर जमकर हंगामा हुआ। गौ सेवकों ने एक गौवंश से भरे वाहन को पकड़कर थाने पहुंचाया, जिसके बाद वहां गहमा-गहमी की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कंडेल के गौ सेवकों को सूचना मिली थी कि एक वाहन में क्रूरतापूर्वक गौवंश को ले जाया जा रहा है। गौ सेवकों ने इस वाहन को रोका और उसे अर्जुनी थाने ले आए। इसके बाद बड़ी संख्या में गौ सेवक थाने के बाहर जमा हो गए और देर रात तक गौ तस्करी के मामले में कार्रवाई की मांग करते रहे। पिकअप में गौवंश की क्रूरतापूर्वक भरकर ले जा रहे थे बजरंग दल के जिला महामंत्री दिलीप साहू और धमतरी के गौ रक्षा प्रमुख पुणेश सार्वा ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि उन्हें ग्राम कंडेल से एक पिकअप वाहन में गौवंश को क्रूरतापूर्वक भरे जाने की सूचना मिली थी। जब वाहन को रोका गया, तो उसमें आवश्यक कागजात नहीं पाए गए। गौ सेवकों का आरोप है कि उनके सामने ही चलती गाड़ी से एक गौवंश को नीचे फेंक दिया गया, जो एक अमानवीय कृत्य है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी बताया कि आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। गौ तस्करी के आरोप में शिकायत दर्ज इस मामले में अर्जुनी थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि गौ तस्करी के आरोप में शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पकड़े गए गौवंश को डांगी माचा स्थित गौशाला भेज दिया गया है।


