जयपुर में 200 एम्बुलेंस चालकों का सम्मान:एपेक्स हॉस्पिटल और पुलिस ने निकाली इमरजेंसी हीरो रैली, दी स्वास्थ्य जागरूकता की ट्रेनिंग

जयपुर में रविवार को एक अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब 200 से अधिक एम्बुलेंस एक साथ सायरन बजाते हुए शहर की सड़कों पर निकलीं। एपेक्स हॉस्पिटल और यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘इमरजेंसी हीरो रैली’ का उद्देश्य रोड सेफ्टी के प्रति जागरूकता फैलाना और एम्बुलेंस चालकों का सम्मान करना था। एपेक्स सर्किल से शुरू हुई यह रैली 20 किलोमीटर की दूरी तय करके वापस अपने शुरुआती बिंदु पर लौटी। एडिशनल कमिश्नर पुलिस योगेश दाधीच ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने एम्बुलेंस चालकों को ‘देवदूत’ की संज्ञा देते हुए कहा कि आपातकालीन स्थिति में ये चालक ही मरीजों के साथ रहते हैं और एक प्रशिक्षित चालक मरीज को नया जीवन दे सकता है। कार्यक्रम में एपेक्स हॉस्पिटल की ओर से चालकों को रोड सेफ्टी, सीपीआर और स्वास्थ्य संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. शैलेष झंवर ने चालकों को अपनी सेहत का ध्यान रखने और लाइफ सेविंग स्किल्स सीखने की सलाह दी। क्रिटिकल केयर हेड डॉ. प्रिया माथुर ने विभिन्न प्रकार की ट्रेनिंग प्रदान की। कार्यक्रम में ग्रुप सेल्स एंड यूनिट हेड ऋतुराज सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। फैज़, दीपक, अरुण और अन्य टीम सदस्यों ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *