नवाचारों और विकास कार्यों को हेरिटेज लुक देकर चर्चा में आए आवां सरपंच दिव्यांश एम भारद्वाज की मांग पर राज्य सरकार ने रविवार को सुदर्शनोदय अतिशय क्षेत्र तीर्थ मार्ग पर डबल चौड़ाई का सीसी रोड स्वीकृत किया है। इस पर डेढ़ करोड़ खर्च होंगे।यह रोड बनने पर सालाना इस अतिशय क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को परिवहन की बेहतर सुविधा मिलेगी। देवली-उनियारा विधानसभा उपचुनाव के दौरान सरपंच दिव्यांश एम भारद्वाज ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से सुदर्शनोदय अतिशय आवां क्षेत्र तीर्थ मार्ग पर डबल चौड़ाई के सीसी रोड बनाने की मांग की थी। तब आचार संहिता लागू होने से दीया कुमारी ने अपने उदबोधन में सरपंच की मांग पर घोषणा नहीं की थी, लेकिन उन्होंने मंच से सरपंच भारद्वाज का नाम लेकर आश्वस्त किया था कि आपकी मांग पर चुनावों के बाद सकारात्मक पहल होगी। रविवार को राज्य सरकार ने करीब एक किमी लंबाई की इस सड़क को स्वीकृत कर दिया है। डेढ़ करोड़ की लागत से बनने वाली इस सड़क के बन जाने से देशभर से आनेवाले जैन तीर्थ यात्रियों को आने-जाने में सुविधा होगी। अभी यह मार्ग काफ़ी क्षतिग्रस्त है, इसलिए इस मार्ग से श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी असुविधा होती है। इस सड़क की स्वीकृति के लिए सुदर्शनोदय तीर्थ समिति तथा सम्पूर्ण दिगंबर जैन समाज ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, पीएचईडी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, विधायक राजेंद्र गुर्जर और सरपंच दिव्यांश भारद्वाज का आभार व्यक्त किया है।


