इंदौर और रीवा के बीच सीधी हवाई सेवा आज से शुरू हो गई है। इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित इस फ्लाइट के शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब ट्रेन या बस से करीब 15 घंटे में पूरी होने वाली यह यात्रा महज 1 घंटे 45 मिनट में पूरी हो सकेगी। पहले ही दिन इस उड़ान की सभी सीटें फुल रहीं, जिससे साफ है कि इस रूट पर यात्रियों की भारी मांग है। 70 सीटर विमान, 4700 रुपए किराया यह फ्लाइट 70 सीटर विमान से संचालित की जा रही है। इसका किराया करीब 4700 रुपए रखा गया है। इस हवाई सेवा से केवल रीवा ही नहीं, बल्कि सतना, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, मऊगंज और मैहर जैसे विंध्य क्षेत्र के अन्य जिलों को भी सीधा लाभ मिलेगा। अब तक इंदौर से प्रदेश में केवल जबलपुर के लिए सीधी उड़ान थी, अब रीवा दूसरी सीधी प्रादेशिक हवाई सेवा बन गई है। ये रहेगा फ्लाइट का शेड्यूल डिप्टी सीएम बोले- विकास को मिलेगी नई दिशा डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि यह पल सपने को साकार करने जैसा है। रीवा इंदौर फ्लाइट शुरू होने से न केवल इंदौर बल्कि बेंगलुरु,मुंबई अहमदाबाद,कलकत्ता और चेन्नई जैसे शहरों से भी कनेक्टिविटी काफी बढ़ जाएगी। इंडिगो का नेटवर्क विदेशों में भी है,जिससे धीरे-धीरे कनेक्टिविटी बढ़ती चली जाएगी। पहले भी उद्योगपतियों को यह कहा जाता था कि रीवा में उद्योग लगाइए और निवेश करिए। लेकिन एयर कनेक्टिविटी ना होने की वजह से वह बात कहीं ना कहीं मन में खटकती थी। 2023 में हमने इसका भूमि पूजन किया। 2024 में हमने इसका लोकार्पण किया। इसके साथ ही 2025 में रीवा से दिल्ली और इंदौर जैसे बड़े शहरों को जोड़ दिया गया। विंध्य के लोगों को अब अन्य किसी दूसरे एयरपोर्ट पर जाने की जरूरत नहीं है। रीवा एयरपोर्ट से अब देश के किसी भी कोने पर पहुंचना बेहद आसान है। खासकर बेंगलुरु,हैदराबाद,अहमदाबाद में रहने वाले वे छात्र जो कई दिन ट्रेवल कर कर रीवा आते थे। उनके पैरेंट्स ने मुझे फोन कर धन्यवाद दिया और इस सुविधा पर अपनी खुशी प्रकट की। सांसद बोले-रीवा के पंख जम आए सांसद जनार्दन मिश्रा ने चुटीले अंदाज में कहा कि कहा कि अब रीवा के पंख जम आए हैं। अब इस पंख से चाहे आप दिल्ली उड़िए,चाहे इंदौर उड़िए और चाहे हैदराबाद उड़िए। अब उड़ने का काम शुरू हो गया है। शिक्षा,व्यापार और पर्यटन में चार-चांद लगेंगे। कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प वाकया भी देखने को मिला। हालांकि इस पर बहुत कम लोग ही ध्यान दे पाए। रीवा से इंदौर उड़ान शुरू होने के उपलक्ष्य में रीवा एयरपोर्ट पर जश्न की खुशी में केक भी मंगवाया गया था। जिसे काटने के लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय,डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला पहुंचें। कैलाश विजयवर्गीय ने चम्मच से केक उठाया और डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला को खिलाया। इसके बाद बिना चम्मच चेंज किए उसी चम्मच से सांसद जनार्दन मिश्रा को केक खिला दिया। वे उसी चम्मच से एयरपोर्ट के अधिकारियों को भी केक खिलाने वाले थे कि डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने उस चम्मच को नीचे रख देने का इशारा किया। जिसके बाद उन्होंने सभी को अलग-अलग चम्मचों से केक खिलाया। लंबे समय से थी मांग ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत सिंह जादौन ने बताया कि इस उड़ान की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विंध्य क्षेत्र के हजारों लोग इंदौर और आसपास के शहरों में रहते हैं। इस सेवा से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी।


