रायसेन शहर में सोमवार शाम को भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई। रामलीला के तहत आयोजित इस बारात में चारों राजकुमार श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न घोड़ों पर सवार होकर शहर में निकले। यह बारात शाम 4 बजे शुरू हुई और 3 किलोमीटर का सफर तय कर 7 बजे मेला ग्राउंड में समाप्त हुई। बारात के दौरान शहरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। घोड़ों पर सवार राजकुमारों को देखने और उनका स्वागत करने के लिए लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रीराम बारात का भव्य स्वागत किया गया। श्रीराम बारात चोपड़ा मोहल्ला स्थित माता मंदिर से प्रारंभ हुई। यह पुरानी कोतवाली, राम जानकी मंदिर, तिपटटा बाजार, दुर्गा चौक, माता मंदिर चौराहा, महामाया चौक, सागर भोपाल तिराहा और गंज बाजार होते हुए रामलीला गेट से रामलीला मैदान पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालु राजकुमारों को देखने और उनका स्वागत करने के लिए खड़े रहे। किन्नर समाज ने भी पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया और चारों राजकुमारों की आरती उतारी। कई स्थानों पर लोगों ने छतों से पुष्प वर्षा की और भगवान श्रीराम की आरती उतारी। ढोल-धमाकों, बैंड-बाजों और संगीत की धुन पर नाचते-गाते हुए बाराती साथ चल रहे थे। इस दौरान कई जगहों पर रंगीन आतिशबाजी भी की गई। बारात में मेला समिति के कार्यकारी अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जमुना सेन, राजू राठौर, प्रमोद कांकर, कन्हैयालाल सुरमा, शंकर लाल चक्रवर्ती, बबलू ठाकुर, चंद्र मोहन गोयल, कैलाश ठाकुर, मनोज शाक्य और राहुल परमार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


