सिटी रिपोर्टर | बोकारो सोमवार को जिले में पेंशन से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन व सेवानिवृत कर्मियों को समय पर लाभ दिलाने के उद्देश्य से सुशासन सप्ताह के तहत समाहरणालय सभागार में पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता डीसी अजय नाथ झा ने की। पेंशन अदालत में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 65 लंबित मामलों पर क्रमवार सुनवाई की गई। डीसी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पेंशन से जुड़े किसी भी लंबित आवेदन को 15 से 30 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत निष्पादित किया जाए। पेंशन से संबंधित अनावश्यक देरी से सेवानिवृत कर्मियों को मानसिक व आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसे किसी भी सुरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कहा कि पेंशन मामलों की नियमित समीक्षा होगी। प्रत्येक माह पेंशन मामलों की सुनवाई अनिवार्य रूप से किया जाए। पेंशन अदालत में महालेखाकार कार्यालय रांची से पहुंचे वरीय लेखा पदाधिकारी अजीत राजू राजन मिंज व असाई माई परेया ने पेंशन से जुड़े विभिन्न मामलों को केस स्टडी के माध्यम से समझाया और आमतौर पर आने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान की जानकारी दी। उन्होंने पेंशिकायत निवारण पोर्टल समाधान के बारे में विस्तार से बताया और प्रक्रिया समझाई।


