लहार में दो वाहनों से पकड़े गए 20 बिजली पोल:आशंका- बेचने के लिए ले जाए जा रहे थे; FIR कराएगी बिजली कंपनी

भिंड के लहार में बिजली पोल बेचने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर कंपनी की उप महाप्रबंधक (DE) लक्ष्मी सोनवानी और सहायक यंत्री (AE) निरंजन सिनोदिया ने अलग-अलग स्थानों पर दो लोडिंग वाहनों को पकड़ा, जिनमें 10-10 बिजली के पोल लदे थे। ये वाहन बिना किसी सूचना के जा रहे थे। दोनों वाहनों को पकड़कर थाने ले जाया गया और फिर उन्हें स्टोर में खड़ा कराया गया। बिजली कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार, लहार डिवीजन में जमुहां सब-स्टेशन से दबोह कस्बे तक किसानों को बिजली सप्लाई के लिए नई लाइन बिछाने का प्रोजेक्ट चल रहा है। यह लाइन 25 किलोमीटर लंबी है और इसके लिए जगह-जगह बिजली पोल लगाए जा रहे हैं। इस कार्य का टेंडर भिंड की एक कंपनी को दिया गया है, जिसने अपना गोदाम महुआ गांव के पास बनाया है। रविवार शाम, टेंडर एजेंसी के कर्मचारी दो लोडिंग वाहनों में 10-10 बिजली पोल लेकर जा रहे थे। उप महाप्रबंधक लक्ष्मी ने लपवाहा गांव के पास एक वाहन पकड़ा, जबकि सहायक यंत्री निरंजन सिनोदिया ने चौरई गांव के पास दूसरा वाहन रोका। पूछताछ में ड्राइवर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वहीं, टेंडर एजेंसी के जिम्मेदार अधिकारी भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए। उप महाप्रबंधक लक्ष्मी सोनवानी ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि इन्हें बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। इस मामले में थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *